बिहार के कटिहार में पुलिस व्यवस्था को चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक करीब 10 से 12 दिनों तक पुलिस लाइन परिसर में फर्जी सिपाही बनकर रहता रहा. वह कभी खुद को भूतपूर्व सैनिक बताता था तो कभी डायल 112 का चालक. पुलिस लाइन जैसे संवेदनशील परिसर में उसकी मौजूदगी से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान दीपक कुमार के रूप में हुई है. वह सहरसा जिले का रहने वाला है.
पुलिस के मुताबिक, दीपक कुमार पिछले करीब 10 से 12 दिनों से पुलिस लाइन परिसर में रह रहा था. इस दौरान उसने अपनी पहचान छिपाकर रखी. वह अलग-अलग लोगों को खुद को कभी पूर्व सैनिक तो कभी डायल 112 का चालक बताता था. इसी बहाने उसने पुलिस लाइन में अपना ठिकाना बना लिया था. हालांकि, वह वहां किसके संपर्क से पहुंचा और उसे रहने की जगह कैसे मिली, इसकी जांच की जा रही है.

